*डीएम का औचक निरीक्षण; गौशाला एवं पंचायत भवन की व्यवस्था पर सख्त निर्देश*
प्रेम शर्मा
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने मंगलवार को खुटहन विकासखंड के वृहद गौ-संरक्षण केंद्र गुलालपुर, अस्थायी गौशाला पट्टी नरेन्द्रपुर और पंचायत भवन पट्टीरेन्द्रपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए।
डीएम ने गुलालपुर स्थित गौ-संरक्षण केंद्र में साफ-सफाई, गोवंश के रखरखाव और निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने शेड का संचालन शीघ्र शुरू कराने, अधूरी बाउंड्रीवाल समयबद्ध तरीके से पूरी करने तथा छोटे पशुओं के लिए अलग चारा, स्वच्छ पेयजल, छायादार स्थान और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद पट्टी नरेन्द्रपुर स्थित अस्थायी गौशाला का निरीक्षण करते हुए डीएम ने परिसर में वृक्षारोपण कराने, वर्मी कम्पोस्ट इकाई को नियमित संचालित रखने और गोवंश को प्रतिदिन हरा एवं पौष्टिक चारा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गौशालाओं का संचालन हर हाल में प्रभावी ढंग से होना चाहिए।
पंचायत भवन के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लेखपालों को रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से उपस्थित होकर जनसुनवाई और राजस्व संबंधी मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने का निर्देश दिया। साथ ही परिसर और संपर्क मार्ग की साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा जनसेवा केंद्र का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि ग्रामीणों को सरकारी सेवाएं स्थानीय स्तर पर आसानी से मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी, लेखपाल, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, पंचायत सहायक, पशु चिकित्साधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
