बाबा विश्वनाथ दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार खडे़ ट्रक में घुसी;दो की मौत तीन घायल

*बाबा विश्वनाथ दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार खडे़ ट्रक में घुसी;दो की मौत तीन घायल*

प्रेम शर्मा

जौनपुर बक्सा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुल्हनामऊ गांव के पास सोमवार सुबह करीब पाँच बजे एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी| जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए|

हादसे में जान गंवाने वाले और घायल सभी लोग उन्नाव के आवास विकास कॉलोनी के रहने वाले थे| वे सभी लोग बाबा विश्वनाथ का दर्शन कर वाराणसी से लौट रहे थे|

कार सवार पांचो दोस्त शनिवार को बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने के लिए वाराणसी गए थे| दर्शन करने के बाद रविवार रात वे कार (UP 32 PU 5119) से उन्नाव लौट रहे थे| इसी दौरान बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ गांव के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक (UP 44 AT 3818) के पिछले हिस्से से टकरा गई|

टक्कर इतनी भीषण थी कि बैगनआर कार ट्रक के पिछले हिस्से में पूरी तरह से फंस गई| सूचना मिलते ही बक्शा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे| स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया गया|

जहां डॉक्टरों ने अखिलेश शुक्ला और अंकित शुक्ला को मृत घोषित कर दिया| हादसे में शोभित श्रीवास्तव, संदीप मिश्रा और शोभित शुक्ला घायल हुए हैं| तीनों का इलाज चल रहा है| उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है|

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है| दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया है| बक्शा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है| हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवा कर यातायात व्यवस्था बहाल करवा दिया है|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!