*प्रतापगढ़ : प्राथमिक विद्यालय तुरकौली में जगमगाई बिजली, बच्चों के चेहरों पर लौटी मुस्कान*
*लाइट और पंखे चलने से भीषण गर्मी से मिली राहत, प्रधानाध्यापक ने मिठाई बांटकर मनाई खुशी*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ (आसपुर देवसरा)। विकासखंड आसपुर देवसरा के प्राथमिक विद्यालय तुरकौली में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार विद्युत कनेक्शन मिल गया। विद्यालय में बिजली पहुंचते ही कक्षाएं रोशनी से जगमगा उठीं और पंखे चलने लगे, जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे बच्चों और शिक्षकों को बड़ी राहत मिली।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा तथा प्रधानाध्यापक ने छात्र-छात्राओं को मिठाई वितरित कर खुशी साझा की। गौरतलब है कि विद्यालय में लंबे समय से विद्युत व्यवस्था न होने के कारण गर्मी के दिनों में बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अत्यधिक गर्मी के चलते कई बार बच्चे कक्षा में बेहोश तक हो गए थे। इस समस्या को लेकर विद्यालय प्रशासन लगातार अधिकारियों से विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग कर रहा था। प्रधानाध्यापक रोहित यादव ने बताया कि विभाग द्वारा पूर्व में विद्युत कनेक्शन के लिए आवश्यक धनराशि विद्युत विभाग में जमा
कराई जा चुकी थी, लेकिन काफी समय तक कनेक्शन नहीं मिल सका। लगातार प्रयासों और अधिकारियों के आश्वासन के बाद अब विद्यालय का विद्युतीकरण कार्य पूरा हो गया है। बिजली आने के बाद विद्यालय की सभी कक्षाओं में लाइट और पंखे संचालित होने लगे हैं, जिससे बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिला है।
बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने विद्यालय में बिजली आने पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर सहायक अध्यापक सांत्वना सिंह, ओमप्रकाश यादव और धीरज यादव के साथ ग्राम प्रधान राजेश निषाद, पूर्व प्रधान मोतीलाल निषाद, राममिलन निषाद, चिन्तामणि निषाद, रामशिरोमणि निषाद (पिंटू), महेन्द्र निषाद तथा घनश्याम निषाद सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।विद्यालय प्रशासन और स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि अब विद्यालय की अन्य समस्याओं, जैसे बाउंड्री वॉल निर्माण और अतिरिक्त कक्षों की व्यवस्था, का भी शीघ्र समाधान किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।
