विधायक रमेश चंद्र मिश्रा के प्रयास रंग लाए

*विधायक रमेश चंद्र मिश्रा के प्रयास रंग लाए*

 

*बदलापुर विधानसभा की दो प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा*

*************************

*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*

जौनपुर/बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। वर्षों से जर्जर सड़कों और गड्ढों की समस्या से जूझ रहे हजारों ग्रामीणों को जल्द बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है। बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्रा के प्रयासों से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने विधानसभा क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। प्रस्तावों को मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

 

पहला प्रस्ताव मसनपुर-लेदुका-नौपेड़वा मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का है। लगभग 10.215 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण पर 20.63 करोड़ रुपये (2063.52 लाख रुपये) खर्च होने का अनुमान है। यह सड़क लंबे समय से खराब स्थिति में होने के कारण क्षेत्रीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।

 

वहीं, दूसरा प्रस्ताव कलिंजरा मोड़ से कंधी मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का है। लगभग 9.5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण के लिए 18.62 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने मंगलवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि दोनों परियोजनाओं के स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा।

 

इन दोनों सड़कों के निर्माण से लगभग 25 गांवों की 50 हजार से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी, वहीं ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को भी काफी राहत मिलेगी।

 

कलिंजरा मोड़ से कंधी तक का मार्ग श्रीकृष्णा नगर रेलवे स्टेशन की 23-सी रेलवे क्रॉसिंग से होकर तेजीबाजार के रास्ते प्रयागराज जाने वाले प्रमुख संपर्क मार्गों में शामिल है। साथ ही यह मार्ग वर्तमान समय में आजमगढ़ और गोरखपुर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी महत्वपूर्ण संपर्क सड़क के रूप में उपयोग हो रहा है। भारी वाहनों के लगातार आवागमन के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

 

क्षेत्र में निर्माणाधीन बदलापुर रेलवे ओवरब्रिज के चलते इस मार्ग का महत्व और बढ़ गया है। लंबे समय से स्थानीय लोग सड़क की मरम्मत और चौड़ीकरण की मांग कर रहे थे। अब शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजे जाने के बाद लोगों में जल्द सड़क निर्माण शुरू होने की उम्मीद जगी है।

 

क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के साकार होने से बदलापुर विधानसभा में सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी और विकास को नई गति मिलेगी। वहीं, विधायक रमेश चंद्र मिश्रा के विकास कार्यों में यह एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में जुड़ने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!