एफएमडी निःशुल्क टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का शुभारंभ

*एफएमडी निःशुल्क टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का शुभारंभ*

अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)

जौनपुर: प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव ने बुधवार को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग नियंत्रण के लिए निःशुल्क टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। यह अभियान जनपद में 22 जुलाई से 8 सितंबर 2026 तक 45 दिनों तक संचालित होगा।

राज्यमंत्री ने कहा कि पशुपालन विभाग द्वारा संचालित यह अभियान पशुओं को खुरपका-मुंहपका जैसी गंभीर संक्रामक बीमारी से बचाने के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सातवां चरण सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है और अब आठवें चरण में जौनपुर के लगभग 6 लाख पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने पशुपालकों से अपने सभी पशुओं का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की।

जिलाधिकारी ने बताया कि एफएमडी एक अत्यंत संक्रामक विषाणुजनित रोग है, जो विशेष रूप से गोवंश और महिषवंश के पशुओं को प्रभावित करता है। इसके कारण पशुओं में बुखार, मुंह व खुर में छाले, चारा छोड़ना, दूध उत्पादन में कमी तथा लंगड़ापन जैसी समस्याएं होती हैं। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण ही इस रोग से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

प्रभारी मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि अभियान के लिए जनपद को 5,70,550 डोज वैक्सीन प्राप्त हुई हैं। जनपद की 1,740 ग्राम पंचायतों में लगभग 2 लाख पशुपालकों तक पहुंचकर टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए 21 विकास खंडों के 36 पशु चिकित्सालयों के माध्यम से 43 टीकाकरण टीमों का गठन किया गया है।

वैक्सीन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सभी पशु चिकित्सालयों में कोल्ड-चेन की समुचित व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!