खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान शुरू

*खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान शुरू*

 

*मल्लूपुर गौशाला में 216 पशुओं का हुआ टीकाकरण*

*******************

*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*

सिगरामऊ (जौनपुर)। पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसी संक्रामक बीमारी से बचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सघन टीकाकरण अभियान के तहत सिगरामऊ क्षेत्र की मल्लूपुर ग्राम पंचायत स्थित गौशाला में गुरुवार को 216 गोवंशों का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया गया।

 

यह अभियान पशुधन प्रसार अधिकारी डॉ. देवलाल कनौजिया तथा उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी बदलापुर डॉ. प्रदीप यादव के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान में 1962 मोबाइल पशु चिकित्सा वाहन टीम एवं पैरावेट टीम ने सक्रिय सहभागिता करते हुए सभी पशुओं का टीकाकरण किया।

 

पशुधन प्रसार अधिकारी डॉ. देवलाल कनौजिया ने बताया कि मल्लूपुर गौशाला के बाद यह टीकाकरण अभियान क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में क्रमवार चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह विशेष अभियान 45 दिनों तक संचालित रहेगा, जिसके माध्यम से अधिक से अधिक पशुओं को खुरपका-मुंहपका रोग से सुरक्षा प्रदान की जाएगी।

 

उन्होंने पशुपालकों से अपील करते हुए कहा कि खुरपका-मुंहपका का टीका पशुओं के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। समय पर टीकाकरण कराने से इस बीमारी की रोकथाम के साथ-साथ पशुओं की मृत्यु दर में भी उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।

 

डॉ. कनौजिया ने वर्षा ऋतु के दौरान पशुपालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि पशुओं के रहने के स्थान को साफ एवं सूखा रखें, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराएं, हरे एवं संतुलित चारे की व्यवस्था करें तथा किसी भी पशु में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि जागरूकता एवं समय पर टीकाकरण से पशुधन को सुरक्षित रखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!