*पीएम आवास योजना की समीक्षा में डीएम सख्त,लंबित सत्यापन जल्द पूरा करने का दिये निर्देश*
अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)
जौनपुर: जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी, पीएम स्वनिधि योजना तथा मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने योजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान परियोजना अधिकारी डूडा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत नगर पंचायत कचगांव और नगर पालिका परिषद मुंगराबादशाहपुर के 6686 आवेदनों में से अब तक केवल 2992 का सत्यापन हो सका है, जबकि 3694 आवेदन अभी भी लंबित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अधिकारियों को लंबित सत्यापन शीघ्र पूरा कर रिपोर्ट डूडा कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा में बताया गया कि प्रथम एवं द्वितीय ऋण के नए आवेदन नहीं मिल रहे हैं, क्योंकि अधिकांश पात्र पथ विक्रेता पहले ही योजना का लाभ ले चुके हैं। जिलाधिकारी ने नगर निकायों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर तृतीय ऋण के लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 95 कार्यों में से 55 पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 36 कार्य प्रगति पर हैं। वहीं वर्ष 2025-26 के 28 स्वीकृत कार्य भी निर्माणाधीन हैं। जिलाधिकारी ने सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप कराने तथा निर्माण कार्यों के फोटोग्राफ समीक्षा बैठकों की पीपीटी में शामिल करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, सिटी मजिस्ट्रेट इन्द्रनन्दन सिंह, परियोजना अधिकारी डूडा, सीएलटीसी, अवर अभियंता, बृजनन्दन स्वरूप, सीओ तथा सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।
