चाकू की नोक पर प्लंबर से नकदी लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

*चाकू की नोक पर प्लंबर से नकदी लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार*

प्रेम शर्मा

जौनपुर: बक्शा थाना पुलिस ने चाकू की नोक पर प्लंबर से नकदी लूटने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, बदलापुर थाना क्षेत्र के लेदुका गांव निवासी लालसाहब ने शिकायत दर्ज कराई कि वह पिछले पांच दिनों से नेवादा गांव में प्लंबर का कार्य कर रहे थे। गुरुवार शाम काम समाप्त होने के बाद वह अपने साथियों संतोष और अंकित के साथ बाइक से धनियामऊ स्थित अपने ससुराल जा रहे थे।

पीड़ित का आरोप है कि धनियांमऊ अंडरपास पुलिया के पास सरायहरखू गांव निवासी दिलीप गौतम और अजय बिंद ने अपनी बाइक से उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और काम से लौटने की बात कहते हुए रुपये की मांग की। भयभीत होकर पीड़ित ने अपनी जेब में रखे 1,500 रुपये उन्हें दे दिए।

थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। शुक्रवार सुबह दोनों आरोपियों को उनकी बाइक सहित मई रोड बंधवारेबीर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों का चालान न्यायालय भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!