*प्रतापगढ़: भूमि विवाद में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, तीन आरोपी गिरफ्तार*
*कंधई थाना क्षेत्र के कोनी गांव में दो पट्टीदारों के बीच मारपीट, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़। जनपद के कंधई थाना क्षेत्र के ग्राम कोनी में दो पट्टीदारों के बीच भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में घायल युवक प्रवेश पटेल की प्रयागराज में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, भूमि विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर कंधई थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। घायल प्रवेश पटेल को उपचार के लिए प्रयागराज भेजा गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई तेज कर दी। स्थानीय पुलिस ने तीन अभियुक्तों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। *अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार ने बताया कि भूमि विवाद में हुई मारपीट की घटना में घायल प्रवेश पटेल की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कराई जा रही है।*
