*प्रमुख सचिव ने सिंगरामऊ–रतासी मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का किया निरीक्षण, गुणवत्ता पर जताया संतोष*
********************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिंगरामऊ (जौनपुर)। उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग अजय चौहान ने मंगलवार को प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग, जौनपुर के अंतर्गत निर्माणाधीन सिंगरामऊ–रतासी–तियरा मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ प्रमुख अभियंता (विकास) अशोक कुमार द्विवेदी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने लगभग 11 किलोमीटर लंबाई वाले मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का गहन परीक्षण किया। प्रमुख सचिव ने अपनी उपस्थिति में सड़क के लेपन (लेयर) तथा बिटुमिनस एवं बीसी (Bituminous Concrete) कार्य की गुणवत्ता जांचने के लिए कोर कटिंग कराई।
जांच में कोर की मोटाई निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई। साथ ही सड़क की सतह की राइडिंग क्वालिटी (समतलता एवं गुणवत्ता) भी संतोषजनक मिलने पर प्रमुख सचिव ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से शेष कार्य पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
