*शॉर्ट सर्किट से लगी आग, एक बीघा गेहूं जलकर राख*
********************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिंगरामऊ। थाना क्षेत्र के डंडारी ग्राम पंचायत में शुक्रवार को लगभग 2:30 बजे शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई, जिसमें किसान सतीश सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह की लगभग एक बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
बताया जा रहा है कि खेत के ऊपर से गुजर रहे 11000 वोल्ट के बिजली तार में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे फ्यूज से निकली चिंगारी ने गेहूं की खड़ी फसल में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के खेतों में खड़े किसानों की धड़कनें बढ़ गईं।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अथक प्रयास के बाद कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा कुछ ही मिनट बाद आई तेज आंधी के चलते आग और फैल सकती थी और आसपास के कई किसानों की फसल भी इसकी चपेट में आ जाती।
पीड़ित किसान सतीश सिंह ने बताया कि घटना की सूचना संबंधित लेखपाल को दे दी गई है। इस घटना से क्षेत्र के किसानों में चिंता का माहौल है।
