जौनपुर में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों का समय बदला

*जौनपुर में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों का समय बदला*

 

*आज से सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक होगी पढ़ाई*

********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव किया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। नई समय-सारिणी 8 जुलाई से प्रभावी कर दी गई है।

 

जारी आदेश के अनुसार, जनपद के सभी परिषदीय, सीबीएसई, आईसीएसई, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, मदरसा तथा अन्य बोर्डों से संचालित कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालय अब प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक संचालित होंगे।

 

परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रार्थना सभा और योगाभ्यास सुबह 8:00 बजे से 8:15 बजे तक आयोजित किया जाएगा। वहीं, मध्यावकाश सुबह 10:30 बजे से 11:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।

 

बीएसए द्वारा जारी निर्देशों में शिक्षकों के लिए भी समय-पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। आदेश के अनुसार, सभी शिक्षक शिक्षण कार्य शुरू होने से 15 मिनट पहले विद्यालय पहुंचेंगे तथा शिक्षण कार्य समाप्त होने के बाद कम से कम 30 मिनट तक विद्यालय में उपस्थित रहेंगे।

 

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन समितियों को निर्देश दिए हैं कि नए आदेश का प्रभावी एवं कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!