*मछलीशहर में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार वृद्ध की मौत, चालक वाहन समेत गिरफ्तार*
*संवाद: माता चरण पाण्डेय*
जौनपुर। मछलीशहर कस्बे में शनिवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार 65 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे खाखोपुर बाजार से ट्रक सहित गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, कोठारी गांव निवासी सत्यनारायण यादव शटरिंग का कार्य करते थे। शनिवार सुबह वह कस्बे में स्थित एक निर्माणाधीन स्थल पर काम से गए थे। वहां से किसी आवश्यक कार्य के सिलसिले में कोतवाली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोतवाली से लगभग 50 मीटर पहले मुंगराबादशाहपुर तिराहे के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सत्यनारायण यादव सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और पीछा करते हुए खाखोपुर बाजार से ट्रक सहित चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ग्राम प्रधान संजय यादव ने बताया कि सत्यनारायण यादव मेहनतकश और मिलनसार व्यक्ति थे। उनकी आकस्मिक मृत्यु से गांव में शोक का माहौल है।
