*गर्भवती महिला की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई, किरण अस्पताल सील, संचालक का पति गिरफ्तार*
********************
*अरुण जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर/ खुटहन क्षेत्र में गर्भवती महिला की उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शाहगंज के एसडीएम ने रविवार दोपहर पुलिस बल के साथ पहुंचकर किरण अस्पताल को सील कर दिया। वहीं, पुलिस ने अस्पताल संचालिका के पति अरुण यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
यह मामला सरपतहा थाना क्षेत्र के पट्टी नरेंद्रपुर गांव निवासी रिंकू माली की पत्नी लक्ष्मी से जुड़ा है। परिजनों के अनुसार, छह माह की गर्भवती लक्ष्मी की बुधवार रात किरण अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। आरोप है कि उपचार में गंभीर लापरवाही बरती गई और नवजात का शव भी परिजनों को नहीं सौंपा गया।
मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने चिकित्सक एवं अस्पताल कर्मियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद बढ़ते जनदबाव के बीच शनिवार को शाहगंज के एसडीएम कुणाल गौरव पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील करा दिया। प्रशासन अब अस्पताल के संचालन, आवश्यक अभिलेखों और वैधानिक अनुमतियों की जांच में जुटा है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में संचालित अन्य निजी अस्पतालों में भी हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है।
