*संदिग्ध परिस्थितियों में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप*
*संवाद :माता चरण पांडे*
मीरगंज (जौनपुर)। मछलीशहर-वाराणसी हाईवे पर संदिग्ध परिस्थितियों में घायल मिले सवैया गांव निवासी रोहित यादव (40) की प्रयागराज के स्वरूप रानी अस्पताल में उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह मौत हो गई। घटना के बाद मृतक की पत्नी ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया इसे सड़क दुर्घटना मान रही है।
जानकारी के अनुसार, रोहित यादव मंगलवार रात मछलीशहर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रामगढ़ गांव स्थित बंधवा बाजार पेट्रोल पंप से करीब 100 मीटर उत्तर दिशा में रात लगभग 8:30 से 9:00 बजे के बीच वह सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए मछलीशहर ले गए। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्रयागराज रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उन्हें स्वरूप रानी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी कुसुम देवी ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उनके पति की हत्या की गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उधर, मीरगंज थाना अध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि घटना के दो दिन बाद कुछ लोग युवक पर हमले की आशंका जताने आए थे। हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर मामले की गहन जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
