*भूमि विवाद में युवक की मौत का मामला,तीन महिलाओं समेत चार आरोपी गिरफ्तार*
प्रेम शर्मा
जौनपुर: बक्शा थाना क्षेत्र अंतर्गत कौली गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत और चार लोगों के घायल होने के मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात कौली गांव निवासी अजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू (48बर्ष) का पड़ोसी दानबहादुर शर्मा, तेजबहादुर शर्मा तथा अन्य लोगों से जमीन को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप धारण कर लिया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में अजय कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर अजय सिंह के रिश्तेदार एवं पड़ोसी गांव निवासी अखिलेश सिंह, हिमांशु सिंह, शिवम सिंह और आकृति सिंह भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वे भी घायल हो गए।
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को नौपेड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान अजय कुमार सिंह की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
मामले में कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में तेजबहादुर शर्मा पुत्र मिठाईलाल, शशिकला पत्नी तेजबहादुर शर्मा, सुनीता शर्मा पत्नी राजेश शर्मा तथा रमीला पत्नी दानबहादुर, सभी निवासी ग्राम कौली, थाना बक्शा शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 309/2026 के तहत धारा 191(2), 103(1), 109(1) एवं 115(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
