*आंधी-तूफान का कहर: उखड़े बिजली के पोल, गिरे पेड़; यातायात व विद्युत व्यवस्था प्रभावित*
********************
*संवाद: शिव पूजन मिश्रा*

सिंगरामऊ। क्षेत्र में शनिवार को अचानक आए तेज हवा के झोंकों ने भीषण आंधी-तूफान का रूप धारण कर लिया, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। तूफान की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई स्थानों पर विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होकर धराशायी हो गए। वहीं, अनेक पेड़ों की डालियां टूट गईं तथा कई पेड़ जड़ से उखड़ गए, जिससे यातायात और विद्युत व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई।
रतासी चौराहे के सामने सड़क पर पेड़ गिर जाने से कई घंटों तक आवागमन बाधित रहा। ग्रामीणों द्वारा पेड़ों की डालियां काटकर मार्ग को साफ करने का कार्य देर शाम तक जारी रहा। आंधी के कारण कई स्थानों पर छप्पर और टीनशेड भी उड़ गए, जिससे लोगों को नुकसान उठाना पड़ा।
तुलापुर गांव में एक छप्पर गिर जाने से कई पशु उसके नीचे दब गए। ग्राम प्रधान दिनेश मिश्रा ने बताया कि ग्रामीणों की तत्परता से राहत कार्य चलाकर छप्पर हटाया गया और दबे हुए पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
आंधी के चलते विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां बिजली के तारों पर गिर गईं, जिससे आपूर्ति बाधित हो गई। लाइनमैन राम सजीवन पाल ने बताया कि अब तक चार स्थानों पर बिजली के खंभे टूटने की सूचना प्राप्त हुई है। इनमें रतासी पाल बस्ती, तलवा हरिजन बस्ती, सराय तथा अर्जुनपुर गिरी बस्ती शामिल हैं। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त खंभों और टूटे तारों की मरम्मत में लगभग 10 से 12 घंटे का समय लग सकता है, जिसके बाद ही विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। नौरंगाबाद-रामनगर फीडर से हरसिंगपट्टी, बघाड़ी, कनकपुर, कछौरा, जमऊपट्टी तथा लारपुर गांवों को रविवार को नौरंगाबाद पावर हाउस से विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाएगी।
ग्रामीण रमन, मुंशी अरुण जायसवाल एवं गोपाल दादा ने बताया कि आंधी के दौरान आए तेज हवा के झोंकों ने क्षेत्र में भारी नुकसान पहुंचाया है। प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
