*मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 99 मरीजों का हुआ उपचार*
*सिगरामऊ में 90 एवं जमऊपट्टी में 9 मरीजों की ओपीडी दर्ज*
********************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
जौनपुर। सिगरामऊ एवं जमऊपट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. संजय दुबे के निर्देशन में आयोजित मेले में कुल 99 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं।
सिगरामऊ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक वर्मा की देखरेख में 90 मरीजों की ओपीडी दर्ज की गई। मेले में वृद्धजनों एवं बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर उपचार उपलब्ध कराया गया। महिला चिकित्सक डॉ. पूजा त्रिपाठी एवं डॉ. श्रुति पांडे ने गर्भवती महिलाओं सहित अन्य मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार दिया।
वहीं जमऊपट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. सुशील कुमार यादव एवं डॉ. मनीष मौर्य की टीम ने एएनएम मीरा यादव और मोने अली के सहयोग से 9 मरीजों का उपचार किया तथा उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित कीं।
चिकित्सकों ने बताया कि नौतपा के दौरान आंधी, बारिश और बूंदाबांदी के कारण गर्मी का प्रभाव कुछ कम हुआ है, फिर भी पेट संक्रमण, टाइफाइड एवं सामान्य बुखार के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। उन्होंने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, स्वच्छता बनाए रखने तथा बासी एवं तले-भुने खाद्य पदार्थों से परहेज करने की सलाह दी।
डॉ. अभिषेक प्रजापति ने उच्च रक्तचाप, मधुमेह, बच्चों, वृद्धजनों एवं गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण संवेदनशील वर्ग के लोगों को स्वास्थ्य के प्रति अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए।
मेले के दौरान जांच की व्यवस्था उपलब्ध न होने के कारण कुछ मरीजों को आवश्यक जांच हेतु बदलापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
