*यूपीएससी अभ्यर्थी से सामूहिक दुष्कर्म मामले में दो आरोपितों ने किया आत्मसमर्पण*
*25-25 हजार के इनामी अभियुक्तों ने सीजीएम कोर्ट में सरेंडर किया, पुलिस रिमांड की तैयारी में*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
लखनऊ/जौनपुर। यूपीएससी की तैयारी कर रही जौनपुर निवासी छात्रा से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित शिवम यादव और उसके साथी शनि यादव ने शनिवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजीएम) न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों आरोपितों पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपितों ने शुक्रवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण के लिए प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया था। शनिवार को उन्होंने पुलिस को चकमा देते हुए अदालत में सरेंडर कर दिया। अब पुलिस दोनों को रिमांड पर लेकर मामले से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्यों की बरामदगी की तैयारी कर रही है।
जांच अधिकारियों के मुताबिक, घटना के समय आरोपितों द्वारा पहने गए कपड़ों समेत कई अहम साक्ष्य अभी बरामद किए जाने बाकी हैं। इन्हीं तथ्यों की पुष्टि और साक्ष्य जुटाने के लिए रिमांड आवश्यक मानी जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान पीड़िता के बयानों में कुछ बिंदुओं पर स्पष्टता नहीं मिल रही है। साथ ही घटना के बाद दिल्ली जाते समय मुख्य आरोपित शिवम यादव और पीड़िता के बीच मैसेज के माध्यम से कई घंटों तक बातचीत होने की बात भी सामने आई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। इसके अलावा मोबाइल डाटा डिलीट किए जाने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
यह है मामला
जौनपुर निवासी छात्रा दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध एक कॉलेज में बीए ऑनर्स की पढ़ाई कर रही है और साथ ही यूपीएससी की तैयारी भी कर रही है। आरोप है कि 15 मई को दिल्ली जाते समय उसने अपने परिचित शिवम यादव से संपर्क किया था। इसके बाद शिवम यादव अपने साथी शनि यादव के साथ चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचा और छात्रा को सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र स्थित एक कमरे पर ले गया।
पीड़िता का आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ देकर तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया तथा उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। तबीयत बिगड़ने पर 18 मई को आरोपित उसे ट्रेन से दिल्ली भेजकर फरार हो गए।
दिल्ली के आनंद विहार जीआरपी थाने में दर्ज जीरो एफआईआर बाद में लखनऊ स्थानांतरित की गई, जिसके आधार पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद से पुलिस दोनों आरोपितों की तलाश में जुटी हुई थी।
