*तेजी बाजार थाना क्षेत्र में कथावाचक अशोक मिश्रा का अधजला शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका*
********************
*संवाद :माता चरण पांडे*
जौनपुर/ तेजी बाजार थाना क्षेत्र के काधापुर गांव में शुक्रवार सुबह रामचरितमानस गायक एवं कथावाचक अशोक मिश्रा (70) का अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव घर से लगभग 200 मीटर दूर नाले के किनारे पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, अशोक मिश्रा गुरुवार रात भोजन करने के बाद करीब नौ बजे सोने चले गए थे। उनकी पत्नी इसरावती देवी गांव में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। देर रात वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि अशोक मिश्रा घर पर नहीं हैं। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पूरी रात उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे ग्रामीणों ने नाले के किनारे उनका अधजला शव देखा, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटनास्थल के पास पेट्रोल की शीशी मिलने की भी चर्चा है, जिससे शव को जलाने की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पत्नी इसरावती देवी ने जमीनी विवाद को लेकर पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विवाद के चलते उनके पति की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई। पुलिस ने पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है।
तेजी बाजार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
