*सैलून में युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बची जान*
*पीड़ित युवक की लिखित तहरीर के आधार पर तलाश जारी*
*सिंगरामऊ थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े वारदात से फैली दहशत, पुलिस जांच में जुटी*
********************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
जौनपुर। सिंगरामऊ थाना इलाके में शुक्रवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब सैलून में शेविंग करा रहे एक युवक पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि युवक बाल-बाल बच गया और कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामीपुर गांव निवासी आशीष मिश्रा शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे मेढ़ा मोड़ स्थित एक सैलून में शेविंग करा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पहुंचे दो नकाबपोश बदमाशों ने अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली युवक के बगल से गुजरते हुए दीवार में जा धंसी, जबकि दूसरी गोली मिसफायर हो गई।
अचानक हुई फायरिंग से सैलून और आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। आशीष मिश्रा द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर बहरीपुर बाजार की दिशा में फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और सिंगरामऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
इस संबंध में थाना प्रभारी सैय्यद हसनैन मुंतजार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
