*प्रतापगढ़: घर में खेल रहे 12 वर्षीय किशोर को सांप ने डसा, मौत से परिवार में मचा कोहराम*

*प्रतापगढ़: घर में खेल रहे 12 वर्षीय किशोर को सांप ने डसा, मौत से परिवार में मचा कोहराम*

*झाड़-फूंक और इलाज के प्रयास के बीच गई जान, परिजनों ने निजी चिकित्सक पर लगाए गंभीर आरोप*

अनिल मिश्र

प्रतापगढ़। नगर पंचायत ढकवा के वार्ड संख्या 10 स्थित रौजा के भूला चंदौकी मोहल्ले में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय किशोर की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार दीपचंद का 12 वर्षीय पुत्र नैतिक शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे घर में खेल रहा था। इसी दौरान उसकी उंगली से खून टपकता देख मां जय कुमारी को सर्पदंश की आशंका हुई। जब वह घर के अंदर पहुंचीं तो वहां एक सांप दिखाई दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। परिजन किशोर को तत्काल झाड़-फूंक के लिए जौनपुर जनपद के मिरशादपुर गांव ले गए। वहां से सलाह मिलने पर उसे जौनपुर के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता दीपचंद का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि मां रंजू देवी बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। मृतक के परिवार में छोटा भाई कार्तिक (7 वर्ष) तथा बहनें सोनाक्षी (8 वर्ष) और मीनाक्षी (5 वर्ष) हैं। बाद में नैतिक के शव को इब्राहिमपुर घाट पर दफन कर दिया गया।

*सर्प मित्र ने पकड़ा नाग-नागिन का जोड़ा*

घटना के बाद भयभीत परिजनों और रिश्तेदारों के आग्रह पर शनिवार सुबह जौनपुर के तेजी बाजार निवासी सर्प मित्र सोनू को बुलाया गया। सर्प मित्र ने घर में पानी भरवाया, जिसके बाद नाग-नागिन का एक जोड़ा बाहर निकल आया। उन्होंने दोनों सांपों को सुरक्षित पकड़कर अपने साथ ले गए। इसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।

*निजी चिकित्सक पर लगाए गंभीर आरोप*

मृतक के परिजनों ने ढकवा के एक निजी चिकित्सक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि चिकित्सक ने किशोर को जीवित करने का दावा करते हुए उसे अपने यहां भर्ती कराया। करीब आधे घंटे बाद चिकित्सक ने बताया कि बच्चे को बचाया नहीं जा सकता और उपचार का 28 हजार रुपये का बिल जमा करने को कहा। परिजनों का आरोप है कि पैसे न होने की बात कहने पर चिकित्सालय द्वारा शव ले जाने में भी आनाकानी की गई। काफी विवाद और बातचीत के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। परिजनों का यह भी आरोप है कि अब भी उनसे पैसे की मांग की जा रही है। मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि संबंधित पक्ष की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!