दर्दनाक सड़क हादसे में नवयुवक की मौत 16 दिन पहले हुई थी शादी

*दर्दनाक सड़क हादसे में नवयुवक की मौत 16 दिन पहले हुई थी शादी*

********************

*अरुण जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। जिले के सरपतहां थाना क्षेत्र में बुधवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में नवविवाहित युवक की मौत हो गई। शादी के महज 16 दिन बाद हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।

 

जानकारी के अनुसार, बासूपुर अढ़नपुर गांव निवासी गोविंद अग्रहरि (25) बुधवार रात करीब 10:30 बजे खुटहन बाजार से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सौरड्यां गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गोविंद गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गंभीर चोट आई थी।

 

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था।

 

गोविंद अपने माता-पिता की पांच संतानों में इकलौते पुत्र थे। उनकी चार बहनें हैं। एक वर्ष पूर्व उनकी मां का बीमारी के चलते निधन हो चुका था। गोविंद मुंबई में फल का कारोबार कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी का नाम ब्यूटी है।

 

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी ब्यूटी और चारों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की खुशियां अभी फीकी भी नहीं पड़ी थीं कि अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *