*हाई टेंशन तार की चपेट में आने से नवयुवक की मौत परिजनों में मचा कोहराम*
********************
*संवाद: माता चरण पांडे*
जौनपुर। मुगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सरोजखनपुर गांव में शनिवार को हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय नन्हे चौहान अपने दैनिक कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान वे ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन तार की चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना तेज था कि उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करंट लगने से युवक बुरी तरह झुलस गया था।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में जर्जर तारों और नीचे लटक रही हाई वोल्टेज लाइनों की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
सूचना पर मुगराबादशाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा बिजली विभाग के अधिकारियों से घटना के संबंध में रिपोर्ट तलब की है।
