*तेज आंधी-बारिश से रेल सेवाएं प्रभावित, कई ट्रेनें घंटों रुकीं*
********************
*अरुण जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर में बुधवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने रेल यातायात को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां ओएचई तार पर गिरने से ट्रेनों का संचालन बाधित रहा, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
जौनपुर जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या तीन पर खड़ी जौनपुर-रायबरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पाकड़ और पीपल की डाल गिरने से ओएचई तार क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि बोगी सुरक्षित रही और कोई यात्री घायल नहीं हुआ। रेलवे कर्मियों ने करीब दो घंटे में डालियां हटाईं, लेकिन तार दुरुस्त करने में देर होने से ट्रेन शाम तक रवाना नहीं हो सकी।
वहीं, बक्शा और सराय हरखू स्टेशनों के बीच भी ओएचई तार पर पेड़ गिरने से वाराणसी-सुल्तानपुर अप लाइन बाधित रही। रेलवे ने मरम्मत कार्य के लिए टावर बैगन भेजे और देर रात तक सेवाएं बहाल होने की उम्मीद जताई।
इस दौरान हिमगिरि, श्रमजीवी और पटना-इंदौर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। लंबे समय तक ट्रेनें खड़ी रहने से यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
