आंधी में पेड़ गिरने से किशोर की मौत, क्षेत्र में शोक

*आंधी में पेड़ गिरने से किशोर की मौत, क्षेत्र में शोक*

********************

*संवाद: माता चरण पांडे*

जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर नगर में मंगलवार रात आई तेज आंधी एक परिवार के लिए दुखद साबित हुई। मछलीशहर रोड स्थित पकड़ी गोदाम मोहल्ले में सड़क किनारे खड़ा एक पुराना नीम का पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर एक किशोर की मौत हो गई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पकड़ी गोदाम निवासी 17 वर्षीय मनीष गौतम उर्फ भंडारी किसी आवश्यक कार्य से साइकिल द्वारा घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक पेड़ गिरने से वह उसके नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पेड़ को हटाकर किशोर को बाहर निकाला और तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी ने बताया कि पेड़ गिरने से किशोर की मौत हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

तेज आंधी के चलते नगर के कई स्थानों पर टिन शेड और छप्पर उड़ गए, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। वहीं कई जगह बिजली के तार टूटने से आपूर्ति भी बाधित रही।

 

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुराने और जर्जर पेड़ों की नियमित जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।

 

परिजनों के अनुसार, मनीष एक होनहार और मेहनती बालक था। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *