*स्वयंभू महादेव मंदिर फिरोजपुर पर मनाई जा रही हनुमान जयंती*
*शाम को संगीतमय सुंदरकांड पाठ, प्रतिमाओं का किया जा रहा श्रृंगार*
********************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
जौनपुर। सिगरा मऊ क्षेत्र के फिरोजपुर गांव स्थित स्वयंभू महादेव मंदिर में हनुमान जयंती का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ी हुई है और भजन-कीर्तन व सुंदरकांड पाठ का आयोजन निरंतर जारी है।

यह मंदिर पंचधाम के रूप में क्षेत्र में प्रसिद्ध है। हनुमान जी को भगवान शिव के 11वें रुद्र के रूप में माना जाता है, इसी मान्यता के तहत मंदिर में भगवान शिव, शनिदेव तथा मंदिर के संस्थापक त्यागी जी महाराज की प्रतिमाओं का विशेष श्रृंगार किया गया है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष संतोष शुक्ला ने बताया कि मंदिर को आकर्षक बिजली की झालरों से सजाया गया है। दिनभर सुंदरकांड पाठ के साथ भजन-कीर्तन चलता रहा, वहीं शाम को संगीतमय सुंदरकांड और भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा।
मंदिर के पुजारी सिंधु शुक्ला ने हनुमान जी की प्रतिमा पर सिंदूर का लेप कर मूंज का यज्ञोपवीत धारण कराया तथा पुष्पमालाओं से भव्य श्रृंगार किया। इसके साथ ही हनुमान जी को प्रिय लड्डू का भोग अर्पित किया गया। कई भक्त हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए भक्ति में लीन नजर आए।
मान्यता के अनुसार महिलाएं हनुमान जी की प्रतिमा का दूर से ही दर्शन-पूजन कर रही हैं। पुजारी ने बताया कि परंपरा के अनुसार महिलाएं प्रतिमा को स्पर्श नहीं करती हैं।
