*आकाशीय बिजली गिरने से 19 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम*
********************
*संवाद :माता चरण पांडे*
जौनपुर। मीरगंज थाना क्षेत्र के मोलनापुर गांव में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना सुबह करीब छह बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोलनापुर निवासी अजीत चौहान (19) पुत्र ज्ञानपति चौहान शौच के लिए घर से बाहर गया था। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ उस पर आकाशीय बिजली गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक के हाथ में मोबाइल फोन था, जिस पर वज्रपात होने से मोबाइल फट गया और उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया। घटना स्थल पर ही उसकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजन अजीत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को घर ले आए। बाद में परामर्श मिलने पर उसे मड़ियाहूं भी ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
मृतक अजीत चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। परिजनों ने बताया कि उसने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी और उसका परिणाम आने का इंतजार था। युवक की असामयिक मौत से परिवार समेत पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
