सड़क हादसे में युवक की मौत, एक की हालत गंभीर

*सड़क हादसे में युवक की मौत, एक की हालत गंभीर*

********************

*संवाद :माता चरण पांडे*

जौनपुर/ मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के बसिरहा गांव के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

 

जानकारी के अनुसार, सुजानगंज थाना क्षेत्र के मोहरियांव गांव निवासी 22 वर्षीय रोहित पुत्र धर्मेंद्र अपने मित्र 30 वर्षीय संदीप पुत्र राजनाथ के साथ एक ही बाइक से मछलीशहर में प्रदर्शनी मेला देखकर लौट रहे थे। देर रात बसिरहा गांव के पास अचानक सड़क पर एक जानवर आ जाने से बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे के बाद दोनों युवक बाइक समेत गड्ढे में जा गिरे।

 

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों को सिर, सीने और पैरों में गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। वहीं, संदीप की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

 

प्रभारी निरीक्षक विनीत रॉय ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *