*जौनपुर: हत्या प्रकरण में लापरवाही पर थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के गोबरा गांव में युवक की हत्या के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में चंदवक थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह, हल्का इंचार्ज उपनिरीक्षक सुरेश तिवारी तथा बीट आरक्षी राजकुमार यादव को निलंबित कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने घटना को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनता की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सीधे कार्रवाई की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला जमीनी विवाद से जुड़ा है। रविवार देर रात गोबरा गांव निवासी सच्चिदानंद मिश्रा की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मृतक सच्चिदानंद मिश्रा का अपने पड़ोसी विष्णु मिश्रा से जमीन और लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते 12 मार्च को सच्चिदानंद को फोन पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
बताया जा रहा है कि 15 मार्च की रात करीब 9 बजे सच्चिदानंद मिश्रा गांव के पास स्थित एक ट्यूबवेल पर मौजूद थे। इसी दौरान हमलावरों ने उन पर अचानक हमला कर दिया और लाठी-डंडों से गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी (बीरीबारी) भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी रही।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
