जौनपुर कोर्ट व पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार

*जौनपुर कोर्ट व पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार*

********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर/आजमगढ़। उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (यूपी एटीएस) ने जौनपुर कोर्ट और पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक की पहचान विशाल रंजन के रूप में हुई है, जो आजमगढ़ में किराए के मकान में रह रहा था।

 

जानकारी के अनुसार 17 फरवरी को जौनपुर के जिला जज के सरकारी ईमेल पर पांच धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे, जिनमें जौनपुर कोर्ट और पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी यूपी एटीएस को सौंपी गई थी।

 

पूछताछ में एटीएस को पता चला कि विशाल रंजन की गर्लफ्रेंड की शादी जौनपुर के एक युवक से तय हो गई थी। इससे नाराज होकर विशाल ने कथित तौर पर युवती के मंगेतर के नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट कर दिया। उसे उम्मीद थी कि मंगेतर फंस जाएगा और उसकी शादी टूट जाएगी, जिससे वह अपनी प्रेमिका से विवाह कर सकेगा।

 

हालांकि मामला खुल गया और गांव में पंचायत के दौरान विशाल को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी। इसके बावजूद वह नहीं रुका। उसने कथित तौर पर लड़के पक्ष और पंचायत में शामिल लोगों के मोबाइल नंबर सोशल मीडिया के जरिए जुटाए।

गांव में आयोजित एक क्रिकेट टूर्नामेंट के पंपलेट से भी उसे कई लोगों के मोबाइल नंबर मिले, जो पंचायत में शामिल थे। आरोप है कि विशाल ने प्रेमिका के मंगेतर और पंचायत में शामिल अन्य लोगों के नाम से फर्जी ईमेल आईडी बनाकर जौनपुर कोर्ट और पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी दे डाली।

एटीएस ने आरोपी के कमरे से पांच मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया है। जांच में करीब 50 फर्जी ईमेल आईडी और अलग-अलग नामों से बनाई गई 20 फेसबुक आईडी मिलने की बात सामने आई है। आरोप है कि उसने सोशल मीडिया से महिलाओं की तस्वीरें डाउनलोड कर आपत्तिजनक सामग्री भी तैयार की थी।

 

एटीएस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *