*महमूदपुर ग्राम पंचायत में राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का शुभारंभ*
*स्वच्छता अभियान से हुई शुरुआत*
********************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*

जौनपुर। विकासखंड बदलापुर अंतर्गत रामदेव सिंह पीजी कॉलेज, महमूदपुर बहरीपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के एक सप्ताहिक विशेष शिविर का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन खंड विकास अधिकारी बदलापुर धर्मेंद्र द्विवेदी एवं एडीओ पंचायत रणजीत सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान महमूदपुर संजय प्रताप सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक डी पी सिंह सहित समस्त अध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया और राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को समाज सेवा के प्रति प्रेरित किया।
खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता का विकास करती है। एडीओ पंचायत रणजीत सिंह ने ग्रामीण विकास और स्वच्छता के महत्व पर बल देते हुए युवाओं से बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।
शिविर के प्रथम दिन का विषय स्वच्छता अभियान रखा गया। स्वयंसेवकों ने परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। आगामी दिनों में शिविर के अंतर्गत बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, मतदाता जागरूकता अभियान तथा अन्य सामाजिक विषयों पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया गया और अंत में सभी ने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
यह एक सप्ताह का शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
