ससुराल आए युवक ने आम के पेड़ से लटककर दी जान, क्षेत्र में सनसनी

*ससुराल आए युवक ने आम के पेड़ से लटककर दी जान, क्षेत्र में सनसनी*

********************

*अरुण जायसवाल जिला ब्यूरो*

जौनपुर। जनपद के सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुनीपुर गांव में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगभग 30 वर्षीय युवक, जो गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर (केशवपुर) गांव का निवासी था, अपनी ससुराल जमुनीपुर आया हुआ था। बताया जा रहा है कि युवक ने गांव के एक बगीचे में स्थित आम के पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली।

 

सुबह जब ग्रामीणों की नजर पेड़ से लटके युवक पर पड़ी तो तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया।

 

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

 

घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *