विधायक विनोद सिंह ने वृहद गौ संरक्षण केंद्र का किया लोकार्पण
सुल्तानपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री विनोद सिंह ने मंगलवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान दूबेपुर ब्लॉक के अलहदादपुर गांव में वृहद गौ संरक्षण केंद्र (गौशाला) का लोकार्पण किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान आदर्श पाण्डेय के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विधायक का जोरदार स्वागत किया।
विधायक विनोद सिंह ने गौशाला का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा वहां पशुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि गांव और आसपास घूम रहे छुट्टा पशुओं को गौशाला में पहुंचाया जाए, ताकि किसानों की फसलें सुरक्षित रह सकें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोवंश संरक्षण को लेकर बेहद संवेदनशील हैं और सरकार द्वारा गौशालाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ऐसे में आवश्यक है कि इधर-उधर घूम रहे पशुओं को गौशालाओं में संरक्षित किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान कुछ लोगों ने अपनी जनसमस्याएं भी रखीं, जिस पर विधायक ने त्वरित निस्तारण का भरोसा दिलाया।
जिला संवाददाता शुभम् कौशल
