*जौनपुर: पेट्रोल पंपों पर शौचालय व पेयजल व्यवस्था अनिवार्य, 15 जनवरी तक निर्देश*
*********************
*अरुण कुमार जायसवाल*
जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के पेट्रोल पंपों पर जनसामान्य के लिए मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया कि वे आगामी 15 जनवरी तक अपने-अपने पंपों पर स्वच्छ पेयजल एवं साफ-सुथरे शौचालयों की अनिवार्य व्यवस्था सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित तिथि के बाद जब निरीक्षण किया जाएगा, उस दौरान यदि किसी भी पेट्रोल पंप पर शौचालय या पेयजल व्यवस्था में कमी पाई गई तो संबंधित संचालक के विरुद्ध मार्केटिंग डिसिप्लिन गाइडलाइन–2005 के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह निर्देश जन सुविधा और यात्रियों की मूल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जारी किए गए हैं।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने ‘पीएम सूर्य घर योजना’ की भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों से अपील की कि वे अपने-अपने घरों पर सोलर पैनल सिस्टम अवश्य लगवाएं, ताकि न केवल वे स्वयं इस योजना का लाभ उठा सकें, बल्कि आमजन को भी इसके प्रति जागरूक कर सकें और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा दिया जा सके।
बैठक में उपस्थित सभी पेट्रोल पंप मालिकों ने जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों का पूर्ण पालन करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, अपर जिलाधिकारी (भूमि एवं राजस्व) अजय अंबष्ट, पेट्रोल पंप यूनियन के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, आईओसीएल, बीपीसीएल एवं एचपीसीएल के विक्रय प्रबंधक, जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित बड़ी संख्या में पेट्रोल पंप संचालक एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
