*प्रतापगढ़ नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत पति का अवैध संबंध बना पत्नी की मौत का कारण*
*पति के अवैध संबंध के नाते अक्सर होता था पत्नी से विवाद चाकू से गला रेत कर पति ने की पत्नी की हत्या*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में स्टेशन रोड पर एक खराद मशीन संचालक ने अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। यह घटना पति के अवैध संबंधों को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। हत्या के बाद आरोपी पति संतोष कुमार विश्वकर्मा फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है मृतका की पहचान 38 वर्षीय मंजू विश्वकर्मा के रूप में हुई है।
सुबह करीब पौने आठ बजे मंजू ने अपने बच्चों को स्कूल भेजा था। कुछ देर बाद पति संतोष कहीं चला गया। दोपहर में जब उनका 11 वर्षीय बेटा आयुष स्कूल से घर लौटा, तो उसने अपनी मां को खून से लथपथ फर्श पर पड़ा देखा। यह देखकर वह घबरा गया और उसने परिजनों को सूचना दी ।
पुलिस के अनुसार, संतोष विश्वकर्मा का किसी अन्य महिला से अवैध संबंध था। इसी बात को लेकर संतोष और मंजू के बीच अक्सर झगड़े और मारपीट होती थी। आशंका है कि इसी विवाद के चलते पति ने गुस्से में आकर चाकू से अपनी पत्नी का गला रेत दिया। संतोष और मंजू की शादी 20 साल पहले हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं – 16 वर्षीय अभय, अनन्या और आयुष। घटना के समय तीनों बच्चे स्कूल गए हुए थे। संतोष के बुजुर्ग पिता जगन्नाथ विश्वकर्मा घर के निचले हिस्से में आराम कर रहे थे, जबकि हत्या घर की दूसरी मंजिल पर हुई। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेंद्र लाल ने बताया कि अवैध संबंध को लेकर पत्नी की हत्या की गई है। पुलिस ने आरोपी पति संतोष विश्वकर्मा की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
