*प्रतापगढ़ महेशगंज थानाध्यक्ष मनोज तोमर ने अपने जन्म दिवस पर की अनोखी पहल*
*जीवन-सुरक्षा उत्सव के तहत 21 बाइक चालकों को पहनाया जिम्मेदारी का हेलमेट*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ यातायात माह का साधारण सा शुक्रवार, महेशगंज थाना क्षेत्र के हीरागंज चौराहे पर एक असाधारण क्षण का इतिहास लिख गया। आम तौर पर चेकिंग अभियान का मतलब रोको, टोको और चालान लेकिन इस शाम की हवा में कुछ अलग था।
कुछ ऐसा, जिसने पुलिसिंग को महज़ नियमों और धाराओं से ऊपर उठाकर संवेदनशीलता, व्यवहार और मानव-हित का स्वरूप दे दिया। यह सब शुरू हुआ तब, जब प्रतापगढ़ एसपी दीपक भूकर के निर्देशन में महेशगंज के थानाध्यक्ष मनोज तोमर ने यातायात माह के तहत चौराहे पर चेकिंग शुरू की। पर यह चेकिंग सिर्फ चेकिंग नहीं, बल्कि एक जीवंत संवाद था।
जब बिना हेलमेट के चल रहे बाइक चालक रोके गए, तो उनकी उम्मीद वही थी डांट या चालान। लेकिन थानाध्यक्ष मनोज तोमर ने पूरे शांत भाव से, बड़ी आत्मीयता के साथ, हर चालक से बात की। शुक्रवार को थानाध्यक्ष मनोज तोमर का जन्मदिन था। लेकिन उन्होंने इसे निजी समारोह तक सीमित नहीं रखा। इसके बजाय, अपने ही जन्मदिन को उन्होंने जन-हित के उत्सव में बदल दिया। अपने ही खर्च से उन्होंने 21 बाइक चालकों को हेलमेट व गुलाब का फूल भेंट किए। यह सिर्फ हेलमेट नहीं थे—ये सुरक्षा, जिम्मेदारी और जागरूकता की जीवंत प्रतीक बन गए।
थानाध्यक्ष अपनी दोनों बेटियों को साथ लेकर चौराहे पर खड़े हो, लोगों की सुरक्षा की बात करे यह दृश्य स्वयं में बड़ा संदेश बना। थानेदार मनोज तोमर ने मुस्कुराते हुए कहा— “मैं चाहता हूं कि मेरे जन्मदिन पर किसी की जिंदगी सुरक्षित हो जाए तो इससे बड़ा उपहार मुझे क्या मिलेगा
उस समय चौराहे की भीड़ सिर्फ ट्रैफिक नहीं थी वह जागरूकता का जीवंत सभास्थल बन गई थी। किसी ने मोबाइल उठाकर वीडियो बनाया… किसी ने पुलिस की इस अनोखी पहल पर ताली बजाई किसी ने अपने बच्चे को आगे लाकर कहा बेटा, पुलिस ऐसे भी होती है। कुछ बाइक चालकों ने तो हेलमेट सिर पर बांधते हुए कहा आज पहली बार पुलिस की चेतावनी, समझदारी में बदल गई।
