*तालाब में डूबने से सात वर्षीय बालिका की मौत*
*परिजनों में मचा कोहराम पुलिस ने लिया शव कब्जे में*
*********************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिंगरामऊ। क्षेत्र के कछोरा गांव में एक हृदयविदारक हादसे में सात वर्षीय बालिका की तालाब में डूबकर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, शिवांशी पुत्री अजय समर बहादुर के यहां अपने ननिहाल में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी। खेलते-खेलते वह बगल स्थित तालाब के किनारे चली गई, जहां अचानक पैर फिसल जाने से वह तालाब में गिर गई।
साथ खेल रहे बच्चे ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन आनन-फानन में खोजबीन में जुट गए, लेकिन गांव में कई तालाब होने के कारण प्रारंभ में वे दूसरे तालाब में तलाश करते रहे। काफी देर बाद जब सही तालाब तक पहुंचे तो तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ग्रामीणों की मदद से बच्ची का शव तालाब से बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिंगरामऊ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई है। इस घटना से पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
