मछलीशहर-अरुआवा मार्ग पर दर्दनाक हादसा, खो-खो खिलाड़ी धरम सरोज की मौत
दो बाइकों की जोरदार टक्कर में चचेरे भाई समेत चार लोग घायल, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
संवाद: माता चरण पांडे:-
जौनपुर। मछलीशहर-अरुआवा मार्ग पर बुधवार की रात करीब 11:30 बजे अरुआवा के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में स्टेट लेवल के खो-खो खिलाड़ी धरम सरोज की मौत हो गई, जबकि उनके चचेरे भाई सूरज समेत दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, धरम सरोज भरत मिलाप देखने के लिए मछलीशहर जा रहे थे। इसी दौरान अरुआवा के पास उनकी बाइक की दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में धरम सरोज की जान चली गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
धरम सरोज अपने परिवार के इकलौते बेटे और एक होनहार खो-खो खिलाड़ी थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।