सिंगरामऊ रियासत में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ पारंपरिक शस्त्र पूजन*
विजयदशमी पर राजघराने ने निभाई सदियों पुरानी परंपरा, चंडी पूजन के बाद विधि-विधान से हुआ हवन*
सिंगरामऊ/जौनपुर।** विजयदशमी के पावन अवसर पर शनिवार को सिंगरामऊ रियासत की हवेली स्थित गौरीशंकर मंदिर परिसर में पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। राजघराने की वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार कुंवर मृगेंद्र सिंह ‘शिव बाबा’ ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ विधि-विधान से हवन-पूजन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत चंडी पूजन से हुई। इसके बाद आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन संपन्न कराया और राजघराने की परंपरा के अनुसार शस्त्र पूजन कराया। विजयदशमी पर शस्त्र पूजन राजघराने की प्राचीन परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है, जिसका निर्वहन हर वर्ष श्रद्धा और आस्था के साथ किया जाता है।

इस अवसर पर कुंवर जय सिंह, अशोक सिंह, बजरंग प्रताप सिंह, संजय कुमार सिंह, धर्मेंद्र सिंह, वरुण सिंह, पंकज सिंह, पंकज मिश्र और कुमार राज पांडेय सहित राजपरिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
