बरईपार में निजी अस्पताल में 12 वर्षीय छात्र की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
*संवाद: माता चरण पांडे* बरईपार, जौनपुर।** क्षेत्र के बरईपार में पेट दर्द की शिकायत पर निजी अस्पताल पहुंचे 12 वर्षीय छात्र कार्तिक सरोज उर्फ आकाश की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने निजी…
*संवाद: माता चरण पांडे*
बरईपार, जौनपुर।** क्षेत्र के बरईपार में पेट दर्द की शिकायत पर निजी अस्पताल पहुंचे 12 वर्षीय छात्र कार्तिक सरोज उर्फ आकाश की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने निजी अस्पताल के संचालक राम मूरत गुप्ता पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्कूल से घर लौटने के बाद कार्तिक के पेट में दर्द होने लगा। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए बरईपार स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इंजेक्शन लगाए जाने के बाद छात्र की तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उसे मछलीशहर रेफर कर दिया गया। वहां सरकारी अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
**मौत के बाद सड़क जाम, पुलिस ने खुलवाया रास्ता**
छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। लोगों ने बरईपार-मछलीशहर मार्ग पर जाम लगाकर विरोध जताया। सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया, जिसके बाद आवागमन बहाल हो सका।
इस मामले में मछलीशहर कोतवाली में संबंधित चिकित्सक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मछलीशहर के एसएचओ अमित कुमार सिंह ने मामले की जानकारी दी। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
फिलहाल, इलाज में लापरवाही के आरोपों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होनी है।