डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा जरूरी, जागरूकता कार्यशाला आयोजित
मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत प्रशिक्षार्थियों को किया जागरूक, साइबर विशेषज्ञ प्रदीप कुमार बरनवाल ने ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए उपाय
बदलापुर, जौनपुर। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति द्वारा DDU 2.0 के तहत बदलापुर, जौनपुर में संचालित केंद्र पर 16 अक्टूबर को साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम मिशन शक्ति फेज 6.0 के अंतर्गत संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में साइबर विशेषज्ञ प्रदीप कुमार बरनवाल ने प्रशिक्षार्थियों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराध और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। किसी भी अनजान लिंक पर बिना सोचे-समझे क्लिक नहीं करना चाहिए और अपनी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।

उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को सचेत करते हुए कहा कि अपना ओटीपी, पिन और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को न दें। किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक से सतर्क रहें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।

इस अवसर पर ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति की संस्था प्रमुख डॉ. अंजू सिंह ने प्रशिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए साइबर सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सोशल मीडिया पर बढ़ रही अनैतिक गतिविधियों के प्रति सचेत रहने और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता के माध्यम से साइबर अपराधों के जोखिम को कम किया जा सकता है।

कार्यक्रम में परियोजना से संबंधित स्टाफ सदस्य रचना नंदा, महेंद्र शुक्ला, सौम्या सिंह, अंकिता सिंह सहित अन्य कर्मचारी एवं प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे। कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने तथा साइबर अपराधों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।

— तीखी आवाज़ समाचार पत्र
