विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने 251 कन्याओं का किया पूजन-अर्चन*
मिशन शक्ति और नवरात्रि के अवसर पर आयोजित हुआ कार्यक्रम, महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर
सिंगरामऊ (जौनपुर)। मिशन शक्ति अभियान और शारदीय नवरात्रि के अवसर पर बदलापुर के विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने शुक्रवार को उच्च माध्यमिक विद्यालय सिंहावल परिसर में 251 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने कन्याओं के पैर धोकर पूजन किया और उनके सिर पर चुनरी बांधी। इसके बाद उन्होंने कन्याओं को उपहार एवं दक्षिणा भेंट की।
इस अवसर पर विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि नारी शक्ति सदैव महान रही है। नारी शक्ति के बिना समाज और राष्ट्र की कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण समाज की प्रगति के लिए आवश्यक है। सरकार भी महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में कुंवर मृगेंद्र सिंह (शिव बाबा राजा सिंगरामऊ), मंडल अध्यक्ष सिकंदर मौर्य, विनोद तिवारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनवर अब्बास, ग्राम प्रधान धर्मराज सरोज, राकेश तिवारी, मनोज तिवारी, वरुण सिंह, रानू सिंह, पंकज सिंह, जेलर मौर्य, कनिष्ठ गिरी, शाश्वत, अजय शंकर और पिंटू सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

