फर्राटा पंखा ठीक करते समय करंट लगने से युवक की मौत, दो साल के मासूम के सिर से उठा पिता का साया
हादसे में 30 वर्षीय अनिल पटेल की गई जान, पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल; पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव**
*संवाददाता: माता चरण पांडे**
**बरसठी (जौनपुर)।** बरसठी थाना क्षेत्र के रसुलहा (डाढ़ा) स्थित हुलास गांव में मंगलवार दोपहर फर्राटा पंखा ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, हुलास गांव निवासी अनिल पटेल मंगलवार दोपहर अपने घर पर फर्राटा पंखा ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट लगने से उनका दाहिना हाथ बुरी तरह प्रभावित हुआ और वह अचेत होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
अनिल पटेल दो भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी बिंदु देवी और दो वर्षीय बेटा शिवांस है। पति की असामयिक मौत से पत्नी बिंदु देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, महज दो साल की उम्र में मासूम शिवांस के सिर से पिता का साया उठ जाने से गांव में भी शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।