*कांवड़ यात्रा से पहले प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, डीएम ने दिए सख्त निर्देश; सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं ट्रैफिक पर रहेगा फुल फोकस*
अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)
जौनपुर: श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, नागपंचमी और चेहलुम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में आयोजित जिला शांति समिति की बैठक में सुरक्षा, ट्रैफिक, स्वास्थ्य, साफ-सफाई और कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को सुनिश्चित करें। त्रिलोचन महादेव, गौरीशंकर धाम और चौकिया धाम सहित प्रमुख मंदिरों पर सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम, अलग प्रवेश-निकास मार्ग और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किए जाएंगे।
मानसून को देखते हुए जिला अस्पताल, महिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी-स्नेक वेनम, दवाओं और हेल्थ बूथ की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। कांवड़ मार्गों पर डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, ओआरएस और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। वहीं जलाशयों पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती, निर्बाध बिजली, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत और साफ-सफाई के भी निर्देश दिए गए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि डीजे संचालकों को निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करना होगा और त्योहारों के दौरान किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी। कांवड़ मार्गों और मंदिरों के आसपास दुकानों व ढाबों पर रेट लिस्ट और मेन्यू कार्ड प्रदर्शित करना अनिवार्य रहेगा। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा लोगों से भ्रामक या भड़काऊ सामग्री साझा न करने की अपील की गई।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ठ, एडीएम (वि./रा.) परमानंद झा, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव, एसडीएम सदर योगिता, सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता सहित जिला स्तरीय अधिकारी और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।
