*प्रतापगढ़ आसपुर देवसरा पुलिस का बड़ा धमाका 5 जिंदा बम संग शातिर अपराधी गिरफ्तार भेजा जेल*
*मुखबिर की सूचना पर तेलियानी नहर पुलिया के पास से किया गया गिरफ्तार*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़। अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही आसपुर देवसरा पुलिस ने एक बार फिर अपने तेजतर्रार अंदाज में बड़ी कार्रवाई कर अपराध जगत में सनसनी फैला दी है। थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 05 अदद जिंदा अवैध देशी बम के साथ एक शातिर अंतर्जनपदीय अपराधी को गिरफ्तार कर यह साबित कर दिया कि कानून से खिलवाड़ करने वालों की अब खैर नहीं। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में जनपदभर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के कुशल पर्यवेक्षण में आसपुर देवसरा पुलिस लगातार अपराधियों पर कहर बनकर टूट रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में उ0नि0 हरीन्द नारायण राय, उ0नि0 संजय कुमार, कांस्टेबल अरविन्द यादव व कांस्टेबल नीरज पटेल संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने तेलियानी नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर शातिर अपराधी सच्चे उर्फ फत्ते पुत्र अनिल निवासी रमगढ़ा थाना आसपुर देवसरा को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 05 अदद जिंदा अवैध देशी बम बरामद हुए। विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर थाना आसपुर देवसरा में मु0अ0सं0 134/2026 धारा 4/5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त कोई मामूली अपराधी नहीं, बल्कि अपराध की दुनिया का पुराना खिलाड़ी निकला। उसके खिलाफ चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगवार, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम समेत कई संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वह लंबे समय से वांछित चल रहा था और क्षेत्र में दहशत फैलाने का काम कर रहा था। आसपुर देवसरा पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में भय और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हुआ है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस लगातार अपराधियों की कमर तोड़ने का काम कर रही है। और अब अपराधियों के लिए क्षेत्र में पनाह लेना मुश्किल हो गया है। आसपुर देवसरा पुलिस ने अपने साहस, सतर्कता और बेहतरीन पुलिसिंग का परिचय देते हुए अपराधियों को साफ संदेश दे दिया है कि प्रतापगढ़ में कानून का राज चलेगा, अपराधियों का नहीं।
