*रिजर्व पुलिस लाइन में संगीत कक्ष का उद्घाटन*
अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)
जौनपुर:पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के मानसिक स्वास्थ्य, सांस्कृतिक विकास एवं बच्चों की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह ने 18 मई 2026को रिजर्व पुलिस लाइन में शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय संगीत कक्ष का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक श्रृष्टि जैन भी उपस्थित रहीं।
यह संगीत कक्ष “वामा सारथी” योजना के अंतर्गत स्थापित किया गया है, जिसका उद्देश्य पुलिस परिवारों को सकारात्मक वातावरण प्रदान करना तथा बच्चों के रचनात्मक और सांस्कृतिक विकास को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अपने संबोधन में एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि पुलिस सेवा अत्यंत चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण होती है। ऐसे में संगीत जैसी रचनात्मक गतिविधियां मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक संतुलन प्रदान करती हैं।
इस दौरान संगीत शिक्षक ने शास्त्रीय एवं आधुनिक संगीत की आकर्षक प्रस्तुति दी तथा तबला, हारमोनियम, गिटार और की-बोर्ड जैसे वाद्ययंत्रों का प्रदर्शन किया। प्रतिसार निरीक्षक दीनदयाल दीक्षित ने भी मधुर गायन प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
एसएसपी ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें संगीत सीखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संगीत केवल कला नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच को विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
संगीत कक्ष में प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा नियमित रूप से गायन एवं वाद्ययंत्रों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह पहल पुलिस परिवारों के सामाजिक, सांस्कृतिक और मानसिक सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस परिवार के सदस्य, संगीत शिक्षक एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।
