ऊर्जा संरक्षण की दिशा में जौनपुर प्रशासन की नई पहल

*ऊर्जा संरक्षण की दिशा में जौनपुर प्रशासन की नई पहल*

*जिलाधिकारी ने काफिले से हटाया एस्कॉर्ट वाहन, अधिकारियों को दिए ईंधन बचत के निर्देश*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल ( जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने एक सराहनीय पहल करते हुए अपने काफिले से एस्कॉर्ट वाहन हटा दिया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ने इस पहल की शुरुआत स्वयं से करते हुए सरकारी संसाधनों के संयमित उपयोग का संदेश दिया है।

जिलाधिकारी के इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य सरकारी ईंधन की खपत को कम करना तथा प्रशासनिक कार्यों में सादगी और जिम्मेदारी को बढ़ावा देना है। उन्होंने जिले के सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि सरकारी वाहनों का अनावश्यक उपयोग न किया जाए तथा शासकीय कार्यों में न्यूनतम वाहनों का प्रयोग सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय, तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर यदि एक से अधिक वाहन उपलब्ध हों तो आवश्यकता के अनुसार कम से कम वाहनों का उपयोग किया जाए। साथ ही अधिकारियों को अधिकतम बैठकों का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करने तथा अनावश्यक क्षेत्र भ्रमण और बैठकों से बचने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने प्रशासनिक कार्यों में डिजिटल और वर्चुअल माध्यमों के अधिकाधिक उपयोग पर भी जोर दिया। उनका कहना है कि तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से समय, संसाधन और ईंधन—तीनों की बचत संभव है।

सैमुअल पॉल एन. ने आमजन से भी इस पहल से प्रेरणा लेने की अपील की है। उन्होंने लोगों से निजी वाहनों की अपेक्षा सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे ईंधन संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *