*खेतासराय में गाजी मियां मेले पर प्रशासन की रोक, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी*
********************
*अरुण जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। शाहगंज तहसील के खेतासराय क्षेत्र में लगने वाले प्रसिद्ध गाजी मियां मेले पर इस वर्ष प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शासन के निर्देश के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में लगातार निगरानी बढ़ा दी है, ताकि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का आयोजन न हो सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस बार मेले में झूले, सर्कस, चरखी, अस्थायी दुकानें तथा अन्य सार्वजनिक गतिविधियों की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस ने मेला स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। प्रशासनिक सख्ती के चलते मेले से जुड़े मुजावर और दफाली भी खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं।
मेले की तैयारियों से जुड़े शुकरुल्ला दफाली, मोछू दफाली, फिरोज जोगी, अलाऊद्दीन जोगी और उजागिर जोगी ने बताया कि शासन से अनुमति न मिलने के कारण इस बार मेला आयोजित नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन के निर्देशों को देखते हुए किसी प्रकार का जोखिम नहीं लिया जाएगा।
जिला प्रशासन के अनुसार, प्रदेश के संभल और बहराइच में ऐसे आयोजनों पर रोक लगाए जाने के बाद जौनपुर में भी कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने शाहगंज तहसील प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बिना अनुमति किसी भी आयोजन को न होने दिया जाए।
क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरीन्द्र सिंह ने कहा कि शासन के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। बिना अनुमति मेला लगाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खेतासराय थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, कस्बा प्रभारी अनिल कुमार पाठक, उप निरीक्षक तारीक अंसारी, संजय पांडेय सहित पुलिस बल लगातार क्षेत्र में गश्त कर रहा है। महिला पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई है।
गौरतलब है कि खेतासराय का गाजी मियां मेला पूर्वांचल के कई जिलों से आने वाली भारी भीड़ के कारण चर्चित रहा है। हालांकि इस बार प्रशासनिक सख्ती के चलते पहले से दुकानें और अन्य व्यवस्थाओं की बुकिंग नहीं हो सकी।
