*मछलीशहर में होटल पर छापा, कथित देह व्यापार का भंडाफोड़; 08 युवक-युवतियां हिरासत में*
********************
*संवाद: माता चरण पांडे*
मछलीशहर कस्बे के इलाहाबाद रोड स्थित खजुरहट गांव में रविवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल आयुष में चल रहे कथित अवैध देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान मौके से 08 युवक-युवतियों को संदिग्ध अवस्था में हिरासत में लिया गया।
जानकारी के अनुसार, होटल में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव की मौजूदगी में पुलिस टीम ने अचानक होटल पर छापा मारा। कार्रवाई होते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
पुलिस सभी युवक-युवतियों को थाने ले जाकर पूछताछ कर रही है। वहीं होटल संचालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
कोतवाल मछलीशहर विनीत कुमार राय ने बताया कि होटल को लेकर काफी दिनों से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। जांच के दौरान आठ युवक-युवतियां संदिग्ध स्थिति में मिले, जिन्हें हिरासत में लेकर थाने लाया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
